न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)।
क्षेत्र के गांव नगला मेवा में मंगलवार की सुबह विवाहिता का शव मिलने के मामले में भाई की तहरीर पर पुलिस ने दहेज के लिए हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ यह रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार की सुबह गांव नगला मेवा में 24 वर्षीय शिवांगी पत्नी बिजेंद्र सिंह का शव उसके कमरे में पंखे के कुंदे पर दुपट्टे से लटका मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया था। इधर देर शाम विवाहिता के भाई चंद्रपाल पुत्र गोपीराम निवासी चतुरापुर मौजा छिकाऊ थाना पचोखरा जिला फीरोजाबाद की तहरीर पर पुलिस ने पति बिजेंद्र सिंह, सुसर किशोरीलाल, सास चंद्रवती एवं ननद निशा के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, क्षेत्र के गांव सल्हैपुर में आलू के खेत में मिले इसी गांव निवासी 42 वर्षीय युवक राजेंद्र उर्फ राजू के साथ शिवांगी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ चुकी है। प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्याम सिंह ने बताया कि शिवांगी की मौत का कारण हैंगिग आया है। इधर, राजेंद्र की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं होने पर विसरा जांच के लिए भेजा गया है। पत्नी की तरफ से दी गई तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है। संवाद