न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ/हसायन।
बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी ठा. अवधेश कुमार सिंह के खिलाफ उड़न दस्ते के अधिकारी ने आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में कोतवाली हसायन में मुकदमा दर्ज कराया है।
उड़न दस्ता अधिकारी खंड विकास अधिकारी राजीव कुमार ने रिपोर्ट में कहा है कि 28 फरवरी को सुबह 11 बजे संभावित बसपा प्रत्याशी अवधेश कुमार ने गांव बनवारीपुर में बिना अनुमति करीब 100-150 व्यक्तियों को एकत्रित कर बैठक की। ऐसा करके उन्होंने आदर्श चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन किया है। तहरीर के आधार पर हसायन पुलिस ने भारतीय दंड संहिता 1860 के तहत धारा 188, 269, 270 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के बाद अवधेश कुमार ने कहा कि उनके आवास में भगवान बांके बिहारी का मंदिर है। यहां प्रतिदिन सुबह से शाम तक सैकड़ों भक्त पूजा करने आते हैं। उनके खिलाफ साजिश के तहत यह रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, लेकिन वह ऐसी हरकतों से विचलित नहीं होंगे और इनका डटकर सामना करेंगे। संवाद