न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के निरक्षर अब पढ़ना-लिखना सीखेंगे। इसे लेकर साक्षरता वैकल्पिक शिक्षा के तहत अभियान चलाया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निरक्षरों का आंकड़ा तैयार कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि पढ़ना-लिखना अभियान कार्यक्रम की शुरुआत कराई जा सके।
आने वाले दिनों में जिले के निरक्षर पढ़ना-लिखना सीखेंगे, क्योंकि पढ़ना-लिखना अभियान 2020 कार्यक्रम को संचालित करने के लिए विभाग ने पहल शुरू कर दी है। कोरोना के कारण यह कार्यक्रम एक साल से ठप था, लेकिन निदेशक साक्षरता वैकल्पिक शिक्षा लखनऊ से आए आदेश के बाद विभाग ने भी इसे लेकर पहल शुरू कर दी है।
बीएसए डॉ. ऋचा गुप्ता ने बताया कि पढ़ना-लिखना अभियान के तहत 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के निरक्षरों की सूची चार दिन के अंदर उपलब्ध कराने के निर्देश सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को दिए गए हैं, ताकि शासन को समय से सूची उपलब्ध कराई जा सके।