न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के विभिन्न पदों पर भर्ती की प्रक्रिया इस माह के आखिर तक पूरी हो सकेगी। विभाग को मिले आवेदनों में से वरीयता सूची तैयार कर ली गई है। जल्द ही शासन स्तर से यह सूची जारी की जाएगी। इस बार वरीयता सूची में अतिरिक्त लाभार्थियों को भी शामिल किया जाएगा, जिससे दस्तावेज गलत मिलने पर सूची में शामिल अतिरिक्त लाभार्थियों को वरीयता पर शामिल किया सकेगा।
उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देश पर जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के विभिन्न पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रशासन की ओर से शुरू की गई थी। शासन के निर्देश पर जिले में विभाग की ओर से विज्ञापन जारी कर ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। हालांकि इन आवेदनों के मांगे जाने के साथ ही आचार संहिता लग गई। इस कारण विभागीय अधिकारी चुनाव प्रक्रिया में जुट गए। निर्धारित तिथि तक विभाग को आवेदन प्राप्त हुए। विभाग को विभिन्न पदों के सापेक्ष 5,463 आवेदन प्राप्त हुए। इन आवेदनों पर अब विभाग की ओर से कार्यवाही शुरू कर दी गई है। इन आवेदनों में से सही आवेदन व अस्वीकृत आवदेनों की अलग-अलग सूची तैयार कर ली गई है। वहीं जिला सूचना एवं विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के जरिये वरीयता सूची भी तैयार कर ली गई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस माह के आखिरी तक विभिन्न पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। अब जल्द ही वरीयता सूची जारी की जाएगी। इसके बाद इस सूची में शामिल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा और नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इस बार निर्धारित संख्या के सापेक्ष अतिरिक्त अभ्यर्थियों को शामिल किया है, जिससे दस्तावेज गलत पाए जाने पर अन्य अभ्यर्थियों को भी मौका दिया जा सके।
जिले में आंगनबाड़ी के रिक्त पदों की स्थिति
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता 149
मिनी कार्यकर्ता 126
सहायिका 267
प्राप्त आवेदनों की स्थिति
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता 3322
मिनी कार्यकर्ता 1161
सहायिका 980