न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से पंचायत निर्वाचन के तहत उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। जिले की 411 ग्राम पंचायतों में 2672 पदों के लिए मतदान प्रक्रिया की जाएगी। 12 जून को मतदान व 14 जून को मतगणना कराई जाएगी। अधिसूचना जारी होने के साथ यहां जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) जिले में आज इसकी अधिसूचना जारी करेंगे।
पंचायत निर्वाचन मतगणना के बाद विभिन्न पदों पर कोई नाम निर्देशन पत्र प्राप्त न होने अथवा अन्य किसी भी कारण से निर्वाचन प्रक्रिया पूरी न हो पाने के कारण पद रिक्त चल रहे थे। अब इन पदों पर मतदान कराए जाने को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत छह जून को नामांकन प्रक्रिया होगी। उसी दिन शाम 5 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी।
सात जून को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापस लिए जाएंगे। इसी दिन सात जून को दोपहर तीन बजे से चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। 12 जून को सुबह 7 बजे शाम 6 बजे तक मतदान होगा। 14 जून की सुबह 8 बजे से मतगणना होगी। सार्वजनिक जानकारी के लिए ग्राम पंचायत क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत तहसील कार्यालय और जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के सूचना पट्ट पर यह कार्यक्रम प्रदर्शित किया जाएगा।
सदस्य ग्राम पंचायत सदस्य नामांकन पत्रों का विक्रय, नामांकन पत्रों के दाखिल करने, उनकी संवीक्षा करने, उम्मीदवारी वापस लेने तथा चुनाव चिह्न आवंटन का कार्य संबंधित विकास खंड मुख्यालय पर होगा। ग्राम पंचायत के सदस्यों के मतों की गणना तथा परिणाम की घोषणा संबंधित विकास खंड के अंतर्गत निर्धारित मतगणना स्थल पर की जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से अधिसूचना जारी होने के साथ ही जिला प्रशासन की ओर से तैयारियों को तेज कर दिया गया है।