फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाथरस : सादाबाद, सिकंदराराऊ क्षेत्र से बसपा प्रत्याशियों ने किया नामांकन

विज्ञापन
हाथरस : ऑनलाइन नामांकन करते पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय। विज्ञप्ति - फोटो : HATHRAS
विज्ञापन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विज्ञापन

जिले में तीसरे चरण में होने वाले मतदान के लिए नामांकन की प्रक्रिया तेज हो गई है। शुक्रवार को भाजपा से सादाबाद विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी रामवीर उपाध्याय ने ऑनलाइन नामांकन किया। बसपा से सादाबाद विधानसभा क्षेत्र व सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। इस क्रम में दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहीं। नामांकन दाखिल करने वालों के साथ दो-दो समर्थक ही नामांकन कक्ष तक पहुंच सके। प्रत्याशियों के वाहनों को 200 मीटर की परिधि के बाहर ही रोक दिया गया।
जिले में तीसरे चरण में 20 फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन प्रक्रिया तेज हो गई है। नामांकन के लिए प्रशासन की ओर से एडीएम वित्त राजस्व न्यायालय कक्ष, एडीएम न्यायिक न्यायालय कक्ष व चकबंदी न्यायालय कक्ष को नामांकन कक्ष बनाया गया है। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट से नामांकन कक्ष तक बैरिकेडिंग लगाई गई है।
विज्ञापन

इसी बैरिकेडिंग के जरिये प्रत्याशियों व नामांकन लेने वालों को प्रवेश दिया गया। शुक्रवार को सादाबाद विधानसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी अविन शर्मा, सिकंदराराऊ क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी अवधेश कुमार ने नामांकन दाखिल किया है। विधानसभा सादाबाद क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रामवीर उपाध्याय ने सुविधा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन नामांकन दाखिल किया। इस क्रम में हाथरस विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दुर्गेश व सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जय प्रकाश शर्मा ने नामांकन दाखिल किया है। नामांकन को लेकर पूरे कलेक्ट्रेट परिसर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। संवाद
आगरा स्थित निवास के रामवीर ने किया नामांकन, अभी कुछ दस्तावेज अधूरे
हाथरस। पूर्व मंत्री व सादाबाद से भाजपा प्रत्याशी रामवीर उपाध्याय ने अस्वस्थता के कारण अपने आगरा स्थित आवास से ही ऑनलाइन नामांकन किया। उनके नामांकन से संबंधित कागजात उनकी पत्नी व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जमा कराए। हालांकि इसमें अभी कुछ दस्तावेज अधूरे हैं। वहीं रामवीर उपाध्याय के निजी सचिव रानू पंडित का कहना है कि नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर दिया गया है। इसकी हार्ड कॉपी संबंधित अधिकारी को शनिवार को दे दी जाएगी। उनका यह भी कहना है कि पहले से पूर्व मंत्री के स्वास्थ्य में सुधार है और जल्द ही वह क्षेत्र में प्रचार के लिए भी आएंगे।
सादाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रामवीर उपाध्याय ने ऑनलाइन नामांकन दाखिल किया है। ऑनलाइन नामांकन प्राप्त हुआ है, लेकिन अभी दस्तावेज अधूरे हैं। इस कारण नामांकन को अभी स्वीकार नहीं किया गया है।
-विपिन शिवहरे, रिटर्निंग ऑफिसर सादाबाद विधानसभा क्षेत्र।
पांच साल में 19 लाख रुपये बढ़ी रामवीर की संपत्ति
हाथरस। शपथपत्र के मुताबिक पूर्व मंत्री व वर्तमान में सादाबाद विधायक रामवीर उपाध्याय की संपत्ति में पिछले पांच साल में 19 लाख रुपये का इजाफा हुआ है। पांच साल पहले उनकी संपत्ति 10.39 करोड़ रुपये थी और अब उनकी संपत्ति 10.58 करोड़ हो गई है। रामवीर पर तीन और उनकी पत्नी सीमा उपाध्याय पर तीन शस्त्र लाइसेंस हैं। रामवीर उपाध्याय के नाम कई कारें और ट्रैक्टर हैं। रामवीर व उनकी पत्नी पर करीब सात सौ ग्राम सोना है। साथ ही रामवीर पर करीब दो करोड़ रुपये का कर्ज भी है। रामवीर उपाध्याय पर दो मुकदमे भी लंबित हैं। इसमें एक अपहरण की कोशिश व एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा लंबित है। संवाद
करोड़पति हैं सादाबाद से बसपा प्रत्याशी डॉ.अविन
विधानसभा सादाबाद क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी डॉ. अविन शर्मा ने वर्ष 2020-2021 की आयकर विवरणी में 1.29 लाख की आय घोषित की है। वर्ष 2015-2016 की आयकर विवरणी में उन्होंने चार लाख की आय घोषित की थी। सादाबाद बसपा प्रत्याशी ने अपनी तथा अपनी पत्नी की संयुक्त आय में सात लाख नकदी, चौबीस हजार की धनराशि बैंक में, 18.75 लाख रुपये के बंधपत्र शेयर, 15 लाख की एलआईसी, एक फॉर्चूनर गाड़ी, एक ट्रैक्टर, 250 ग्राम सोना, एक किलो चांदी तथा 63 लाख रुपये सहित एक शीत गृह की जायदाद घोषित की है। बसपा प्रत्याशी डॉ. अविन शर्मा ने अपने शपथ पत्र में अपनी योग्यता बेचलर ऑफ़ डेंटल सर्जन बताई है। पत्नी पेनकार्ड धारक नहीं है। शपथपत्र के मुताबिक उन पर कोई आपराधिक मुकदमा नहीं हैं।
विज्ञापन

सिकंदाराराऊ से बसपा प्रत्याशी अवधेश सिंह पर है करोड़ोें की संपत्ति
विधानसभा सिकंदराराऊ से बसपा प्रत्याशी अवधेश कुमार ने वर्ष 2020-2021 की आयकर विवरणी में 2.12 करोड़ की आय घोषित की है। पिछले वर्ष 2016-17 में आयकर विवरणी के अनुसार इनकी वार्षिक आय 1.08 करोड रुपये थी। वर्ष 2020-2021 की आयकर विवरणी में उनकी पत्नी की आय 77 लाख तथा परिवार के सदस्य की आय 19 लाख घोषित की है। सिकंदराराऊ बसपा प्रत्याशी ने अपनी, पत्नी तथा परिवार के सदस्य की संयुक्त आय में पांच लाख रुपये की नकदी, 11.38 करोड़ की धनराशि बैंक में, 4.16 करोड़ के बंधपत्र शेयर, 1.50 करोड की एनएससी तथा ग्यारह करोड़ की जायदाद घोषित की है। बसपा प्रत्याशी अवधेश कुमार ने अपने शपथ पत्र में अपनी योग्यता अर्थशास्त्र में परास्नातक बताई है। वहीं अवधेश कुमार पर भी कोई आपराधिक मुकदमा नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें