न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)।
पहले पति को छोड़कर प्रेमी से दूसरी शादी करने से कुपित एक महिला के भाई ने दूसरे बहनोई को गांव दौकेली में बृहस्पतिवार की सुबह उस समय गोली मार दी, जब वह छत पर सोया हुआ था। गोली चलने की आवाज सुनकर बहन छत पर पहुंची तो उसे भाई हाथ में तमंचा लेकर खड़ा हुआ मिला। बहन ने भाई को कसकर पकड़ लिया और शोर मचा दिया। मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और धुनाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। वहां से उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार गांव दौकेली निवासी योगेंद्र (28 वर्ष) पुत्र पटवारी ने दो वर्ष पूर्व एटा जिले के जलेसर थाना क्षेत्र के गांव जैनपुरा निवासी श्यौदान सिंह की पुत्री सोमवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद उनको एक बच्चा भी हुआ। बहन की इस हरकत से उसका भाई शिवशंकर काफी कुपित था। उसने अपनी बहन से संबंध भी खत्म कर लिए, लेकिन शिवशंकर योगेंद्र को सबक सिखाने की ठानकर बैठा था। बृहस्पतिवार को सुबह शिवशंकर बहन के घर गांव दौकेली आया और सीधे छत पर पहुंच गया। वहां योगेंद्र सो रहा था। शिवशंकर ने सोते हुए बहनोई के पेट से तमंचा सटाकर गोली मार दी।
योगेंद्र की चीख सुनकर उसकी पत्नी वहां आई तो उसने देखा कि शिवशंकर हाथ में तमंचा लिए खड़ा था। आरोपी कुछ कर पाता, इससे पूर्व सोमवती ने उसे पकड़ लिया और शोर मचा दिया। शोरगुल सुनकर गांव के अन्य लोग भी आ गए और शिवशंकर को तमंचा सहित पकड़ लिया। उसकी जमकर धुनाई करने के बाद यह लोग उसे कोतवाली ले गए। गोली लगने से घायल योगेंद्र को सीएचसी से अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। घटना की रिपोर्ट योगेंद्र के भाई पुष्पेंद्र ने शिवशंकर के खिलाफ दर्ज कराई है। समाचार लिखे जाने तक गोली लगने से घायल का मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ में उपचार चल रहा था।