हाथरस : कलेक्ट्रेट सभागार में मेला श्रीदाऊजी महाराज को लेकर बैठक लेते डीएम। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बृज क्षेत्र के लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज के आयोजन को लेकर जिले के अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने मेले में होने वाले कार्यक्रमों के संयोजकों के नामों पर मंथन किया।
डीएम ने कहा कि मेले का शुभारंभ गणेश चतुर्थी के दिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ होगा। मेले में होने वाले कार्यक्रमों और उनकी व्यवस्थाओं पर खर्च की जाने वाली धनराशि के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने मेले के कार्यक्रमों के संयोजकों और आयोजकों को कार्यक्रमों से संबंधित बैनर, होर्डिंग, इलेक्ट्रोनिक एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति मेले में कार्यक्रमों का आयोजन कराना चाहते हैं, वह अपना आवेदनपत्र जमा करा दें।
कार्यक्रम संयोजकों द्वारा कार्यक्रमों के आयोजन के लिए किसी से बिना उनकी स्वेच्छा के धनराशि एकत्रित न की जाए। यदि इस प्रकार की सूचना प्राप्त होती है तो संयोजक को आवंटित किए गए कार्यक्रम को निरस्त कर दिया जाएगा। डीएम ने मेला के आयोजन के लिए सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, मेला ठेका, सफाई, रंगाई-पुताई, शौचालय और मरम्मत आदि व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। संवाद