ऑनलाइन की साड़ी बुक, खाते से दस हजार रुपये चोरी
माधव कुंज निवासी महिला हुई ऑनलाइन ठगी की शिकार, पुलिस से शिकायत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। साड़ी की ऑनलाइन खरीद करना महिला को भारी पड़ गया। महिला के मोबाइल फोन पर एक व्यक्ति का फोन आया। महिला ने फोन करने वाले को अपना एटीएम नंबर बता दिया और फिर उसके खाते से दस हजार रुपये पार हो गए। इसकी शिकायत पुलिस से की गई है।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित माधव कुंज निवासी एक महिला ऑनलाइन शॉपिंग से साड़ी खरीद रही थी, जिसके लिए उसने साड़ी बुक की। जिस वेबसाइट पर साड़ी बुक की, उसी से एक व्यक्ति का फोन महिला के मोबाइल फोन पर आया।
फोन करने वाले ने महिला से एटीएम का नंबर बताने को कहा, जिस पर महिला ने एक बार तो उससे मना कर दिया, लेकिन ज्यादा कहने पर महिला फोन करने वाले की बातों में आ गई और एटीएम का नंबर बता दिया। नंबर बताने के कुछ देर बाद ही महिला के खाते से दस हजार रुपये चोरी हो गए। महिला को ऑनलाइन ठगी का अहसास हुआ तो वह पुलिस के पास पहुंची और पूरे मामले की जानकारी दी।