न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर में हॉटस्पॉट खत्म होने के बाद बिजली विभाग की बिलिंग रफ्तार पकड़ रही है। हॉटस्पॉट में बाजार बंद होने से लोगों तक बिल नहीं पहुंच पा रहे। अब बिजली अफसरों ने बिलिंग एजेंसी को जल्द से जल्द लोगों को बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि शहर की गली सीकनापान, लाला का नगला और गणपति नगर आदि इलाकों में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद जिला प्रशासन ने इनके आसपास के इलाकों को हॉटस्पॉट घोषित करते हुए आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया था। इस कारण इन इलाकों में बिजली की बिलिंग का काम नहीं हो पा रहा था। केवल उन्हीं इलाकों में बिल पहुंच सके थे, जो हॉट स्पॉट की जद में नहीं थे। अब तक करीब 50 फीसदी उपभोक्ताओं की बिलिंग हो सकी है।
हॉटस्पॉट एरिया खत्म होने के बाद शुक्रवार से बिलिंग का काम शुरू हो गया। बृहस्पतिवार को निगम के चेयरमैन ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये अफसरों को बिलिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस बात को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने कहा कार्यदायी संस्था को हॉटस्पॉट एरिया में जल्दी से जल्द बिलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। एक्सईएन सुभाष चंद्रा का कहना है कि हॉट स्पॉट के चलते बिलिंग पर असर पड़ा है। एजेंसी को जल्द से जल्द लोगों को बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।