हाथरस: सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई अग्रसेन सेवा सदन के बाहर से बाइक चोरी की वारदात।
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शादियों के सीजन में अब चोर भी सक्रिय हो चुके हैं। ऐसे में लोगों को सावधान हो जाने की जरूरत है। कस्बे के ही दो मैरिज होम में शादी समारोह में शामिल होने गए दो लोगों की हजारों रुपयों की बाइकों को मैरिज होम के बाहर से चोरी कर लिया गया। दोनों ने बाइकों को काफी तलाशा, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। एक मैरिज होम के बाहर से हुई बाइक चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। दोनों ही मामलों में पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर दी है।
त्यागी कॉलोनी सादाबाद निवासी अभिराम गर्ग पुत्र उद्धवशरण गर्ग ने कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा है कि 25 नवंबर की रात वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में आयोजित एक शादी समारोह में गए थे। उनकी बाइक मैरिज होम के बाहर खड़ी हुई थी। जब वह शादी समारोह से लौटने को हुए तो बाहर खड़ी उसकी बाइक को चोरों ने चोरी कर लिया। सीसीटीवी कैमरे में भी यह घटना कैद हो गई है।
इधर, गांव पीहुरा सहपऊ निवासी मेघ सिंह पुत्र शिवचरण ने कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा है कि 24 नवंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे जब वह सादाबाद में हाथरस रोड स्थित कृष्णा गार्डन में दावत खाने आया था, उसके अपनी बाइक को गेस्ट हाउस में खाली पड़ी जगह में खड़ा कर दिया और दावत खाने चला गया, जब वह वापस आया तो उसकी बाइक को अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया। पुलिस दोनों ही बाइक चोरी की घटनाओं की छानबीन में जुट गई है।