बुधवार को जनपद आगरा के थाना बरहन के गांव गढी थलू निवासी जावेद का मोबाइल बाइक सवार झपटमारों ने छीन लिए। जावेद ने भी अपनी बाइक उनके पीछे दौड़ा दी। थोड़ी दूर जाकर झपटमारों की बाइक गिर गई और वे पकड़े गए। लोगों ने एक झपटमार को दबोच लिया जबकि दूसरा फरार हो गया।
आगरा के थाना बरहन के गांव गढी थलू निवासी जावेद टावर पर कार्य करता है। बुधवार को वह अपनी बाइक से सादाबाद के लिए आ रहा था तभी मुरसान रोड पर पीछे से आ रहे दो युवकों ने चलती बाइक से उसकी जेब पर झपट्टा मारकर उसका मोबाइल खींच लिया। जावेद ने भी हिम्मत नहीं हारी और बाइक सवारों का पीछा करने लगा।
आगे जाकर मोबाइल लेकर भाग रहे बदमाशों की बाइक गिर पड़ी। जावेद ने शोर मचा दिया और बदमाशों से एक को दबोच लिया। मौके पर आसपास के लोग भी पहुंच गए। जावेद ने बदमाश को पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले में जावेद ने थाने में तहरीर दी है।