न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर इलाके में मोबाइल फोन की छिनैती करने वाला गिरोह फिर सक्रिय हो गया है। रविवार की रात को अपने पिता की दवा लेने जा रही महिला से बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। अब महिला ने इस घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दी है। महिला इस घटना की सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग हासिल करने के लिए मंगलवार को घटनास्थल पर पहुंची। फिलहाल पुलिस मामलेे की छानबीन में जुट गई है।
शहर के मोहल्ला रमनपुर निवासी रागिनी रविवार की रात को करीब नौ बजे अपने पिता की दवा लेने के लिए रामलीला मैदान से होते हुए कोमल कांपलेक्स की तरफ जा रही थी। इस बीच बाइक सवार बदमाश वहां आए और उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
महिला ने काफी शोर भी मचाया, लेकिन बदमाश देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गए। इस मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई। मंगलवार को अपने परिवार के लोगों के साथ महिला घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगे होने की जानकारी करने गई। महिला की तहरीर पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।