न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
घर से रसोई गैस लेने जा रहे बाइक सवार दो युवकों की बाइक को शनिवार की सुबह राजमार्ग पर कान्हा कोल्ड स्टोर के निकट हाथरस से आ रही मिनी टूरिस्ट बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक पर बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद चालक बस को छोड़कर फरार हो गया। मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान मृतक युवक के परिवार के लोग भी थाने पर पहुंच गए। करीब एक घंटे तक यहां हंगामा होता रहा। पुलिस ने जैसे-तैसे समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। मृतक के ताऊ के पुत्र ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम बसगोई निवासी 19 वषीय सोनू पुत्र मक्खन सिंह अपने चचेरे भाई 20 वर्षीय सत्यवीर पुत्र बाबूलाल के साथ बाइक से रसोई गैस लेने इंडियन गैस के गोदाम जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक राजमार्ग पर कान्हा कोल्ड स्टोर के निकट पहुंची, वैसे ही हाथरस की ओर से तेज गति से आ रही मिनी टूरिस्ट बस के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक सोनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सत्यवीर गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुघर्टना के बाद मौके पर चीख-पुुकार मच गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया। घायल को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर गांव बसगोई के काफी लोग थाने पर पहुंच गए। वहां काफी देर तक हंगामा होता रहा। प्रभारी निरीक्षक गौरव सक्सेना दलबल सहित थाने के गेट पर आ गए।
आरोप-प्रत्यारोप के दौर के बीच एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कई बार आक्रोशित ग्रामीणों ने राजमार्ग पर जाम लगाने का भी प्रयास किया। इसके बाद ग्रामीणों ने समझा-बुुझाकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया और महिलाओं को घर भेजा दिया। मृतक के ताऊ के पुत्र भरत सिंह पुत्र चिरंजीलाल ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव कोे पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।