हाथरस : मुरसान में दुर्घटना के बाद लगी भीड़ व घायल महिला को उपचार को ले जाते लोग।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मथुरा रोड स्थित जनता स्कूल के निकट रविवार की दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक की मां भी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उन्हें इलाज के लिए हाथरस के अस्पताल भेजा गया। वहीं, युवक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गीता पत्नी सुरेश निवासी मोहल्ला बारहसैनी सासनी अपने बेटे राहुल (25) के साथ बाइक से मथुरा की ओर जा रही थी। मुरसान निकलते ही उनकी बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। राहुल व उसकी मां बाइक सहित नीचे गिर गए। उसी दौरान बराबर में चल रहे ट्रक के पीछे का पहिया राहुल के ऊपर होकर निकल गया। जिससे राहुल की मौके पर ही मौत हो गई।
उसकी मां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें गंभीर चोटें आईं हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए हाथरस भेजा। वहां से गंभीर स्थिति में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। इधर, पुलिस ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर काफी लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। राहुल की मौत की खबर सुनकर उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।