न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने स्कूली वाहनों, सरकारी व गैरसरकारी वाहनों की नियमित रूप फिटनेस जांच कराने, दुर्घटना स्थलों का चिह्नीकरण करने एवं सवारी वाहनों में ओवर लोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्कूली बच्चों को ई रिक्शा से लाने-ले जाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए। डीएम ने एक सप्ताह में समस्त चिन्हित ब्लैक स्पॉटों का भौतिक निरीक्षण करने और लोक निर्माण विभाग को निर्धारित गति सीमा से संबंधित बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक तथा बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में लगे वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र संबंधित कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। किसी भी विद्यालय द्वारा छात्रों को लाने व ले जाने के लिए ई-रिक्शा का प्रयोग किसी भी दशा में नहीं किया जाएगा।
उन्होंने ई-रिक्शा से जाने वाले छात्रों के परिजनों को भी इसके संबंध में सूचित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में यातायात के नियमों का पालन नहीं किया जाता है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिन विद्यालयों में अभी तक परिवहन सुरक्षा समिति का गठन नहीं किया गया है उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीएम ने सड़क में गढ्ढों की समय से पैचिंग न होने पर नाराजगी व्यक्त की। स्पीड लिमिट डिवाइस, जीपीएस सिस्टम, फर्स्ट एड बाक्स, अग्निशमन यंत्र एवं सीसीटीवी की अनिवार्यता का अनुपालन न किए जाने पर स्कूली वाहनों को सीज करने और उनका चालान करने के निर्देश दिए। संवाद