हाथरस: कोरोना वायरस की दहशत के मद्देनजर सिटी रेलवे स्टेशन पर मास्क लगाकर काम करते जीआरपी के जवान।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना वायरस को लेकर रेलवे प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। ट्रेनों, स्टेशनों पर कोरोना वायरस से बचाव संबंधी पोस्टर और बैनर लगाए जाएंगे। रेलवे व पुलिस कर्मी मास्क लगाकर कार्य कर रहे हैं। ट्रेन के समय पर स्टेशन पर आने वाले यात्रियों ऑडियो के जरिए जागरूक भी किया जा रहा है। रोडवेज बसस्टैंड पर कोरोना वायरस के प्रति जागरूकता अभियान नहीं चलाया जा रहा है।
इज्जतनगर रेल मंडल ने कोरोना वायरस को लेकर एक ऑडियो जारी किया है। इस ऑडियो को सभी स्टेशनों पर चलाया जा रहा है। रेल यात्रियों से अपील की जा रही है कि वह बिना मास्क के यात्रा न करें। यात्रियों को सुरक्षित रखने के लिए रेलवे प्रशासन हर संभव कोशिश में जुटा हुआ है। वहीं, जीआरपी कर्मियों को कार्य स्थल पर मास्क लगाकर जाने के निर्देश दिए गए हैं। अफसरों ने कहा कि आशंका पर जवान तत्काल जिला अस्पताल में जाकर जांच कराएं।
यह निर्देश खासकर प्लेटफार्म ड्यूटी और स्ववैड रहने वाले जवानों के लिए हैं। क्योंकि वह दिन भर हजारों लोगों के संपर्क में रहते हैं। वहीं रोडवेज बसस्टैंड पर कोरोना वायरस के प्रति कोई जागरूकता अभियान नहीं चलाया जा रहा है। इस मामले में इज्जतनगर पीआरओ राजेंद्र सिंह का कहना है कि कोरोना वायरस को लेकर एक ऑडियो जारी किया गया है। जिसे सभी स्टेशनों पर चलाया जा रहा है। इसे लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।