हाथरस : गांव बाबस में अभियुक्त के घर कुर्की नोटिस चस्पा करते हुए सत्यभान सिंह।
- फोटो : HASAYAN
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली क्षेत्र के गांव सूसामई से दो वर्ष पूर्व एक किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोपी के खिलाफ हाजिर नहीं होने पर न्यायालय ने कुर्की नोटिस जारी किया है। पुलिस ने शनिवार को इस कुर्की नोटिस को आरोपी के घर पर चस्पा कराया।
सलेमपुर चौकी प्रभारी सत्यभान सिंह ने बताया कि आरोपी राजू निवासी बाबस दो वर्ष पूर्व 17 दिसंबर 2018 को एक किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गया था। किशोरी के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने वांछित आरोपी की तलाश में कई बार दबिश दीं, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। न्यायालय के आदेश पर शनिवार को पुलिस ने आरोपी के घर कुर्की नोटिस चस्पा करने के साथ ढोल-नगाड़े बजाकर मुनादी कराई। उन्होंने बताया कि यदि इसके बावजूद अभियुक्त निर्धारित समय सीमा के दौरान न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ तो उसके घर पर कुर्की की कार्रवाई जल्द की जाएगी।