बैंक कर्मी मंगलवार को भी हड़ताल पर रहे। इस कारण बैंकों में सन्नाटा पसरा रहा। कामकाज के लिए पहुंचे लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। अधिकांश एटीएम की कैश ट्रे खाली हो गई। जिन एटीएम में नकदी थी, उन पर नकद निकासी के लिए उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लगी रही। लोगों को नकदी और बैंक से संबधित काम न होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि बीते चार दिन से बैंकों में कामकाज नहीं हो रहा। मंगलवार को बैंकें नियत समय पर खुले। बैंकों में कर्मचारी भी पहुंचे। कर्मियों ने हड़ताल के चलते कामकाज नहीं किया। बैंक कर्मी धरने पर बैठे रहे। शहर में अधिकांश एटीएम में नकदी नहीं रही। कुछ एटीएम में कनेक्टिविटी की दिक्कत रही।
लोगों को नकदी की खातिर भटकना पड़ा। नकदी न होने के कारण लोग जरूरी कामकाज भी नहीं कर सके। अब लोग बुधवार को बैंक खुलने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि वह नकदी की जरूरत पूरी कर सकें।