न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के बागला इंटर कॉलेज के बाहर एक महिला ने एक युवक को चप्पलों से बेरहमी से पीटा। इसके पीछे यह बात निकलकर आ रही है कि युवक को उसके ससुराल वालों के इशारे पर महिला ने पीटा है। हंगामा होने पर लोगों ने पुलिस को बुलाने की बात की तो महिला वहां से चली गई। देर शाम को पीड़ित युवक के साथी हाथरस पहुंच गए। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस जांच में जुटी है और पीड़ित युवक के साथी महिलाओं को थाने बुलाने की बात पर अड़े हुए हैं, ताकि मारपीट की हकीकत से पर्दा उठ सके।
जनपद फिरोजाबाद के एक गांव निवासी युवक शहर के बागला इंटर कॉलेज में सुबह की पाली में पीईटी देने आया था। बताया जा रहा है कि वह परीक्षा समाप्ति के बाद दोपहर को अपने साथी के पास दूसरे परीक्षा केंद्र पर जा रहा था। इस्र दौरान उसे एक युवक मिला। उसने तीन-चार लोगों को बुला लिया। सभी ने युवक को घेर लिया और उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि उन्हीं युवकों ने फोन करके एक महिला को बुला लिया और फिर फिरोजाबाद निवासी युवक को जमीन पर गिराकर महिला ने चप्पलों से पीटा। इसका वीडियो एक व्यक्ति ने बना लिया।
पुलिस बुलाए जाने की बात सुनते ही महिला के होश उड़ गए और वह वहां से भाग गई। देर शाम को फिरोजाबाद निवासी युवक के साथी भी हाथरस पहुंच गए। युवक ने अपने साथ हुई पूरी घटना उनको बताई और इस संबंध में कोतवाली सदर में तहरीर दी। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया। फिरोजाबाद निवासी युवक के साथी उस महिला को भी थाने लाने की मांग कर रहे हैं, जिसने बिना बात ही युवक को चप्पलों से पीटा है। महिला युवक को चप्पलों से पीटते हुए वीडियो में साफ दिखाई दे रही है। संवाद