न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन स्तर से अंत्योदय कार्डधारकों को मिट्टी का तेल वितरित किए जाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि विगत में सभी कार्डधारकों को मिट्टी का तेल दिया जाता था। उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिए जाने के बाद विभाग की ओर से मिट्टी तेल के वितरण पर रोक लगा दी गई थी।
अब शासन स्तर से रखे स्टॉक में से अंत्योदय कार्डधारकों को मिट्टी का तेल वितरित किए जाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। डीएसओ सुरेंद्र यादव ने बताया कि जिले में 16851 अंत्योदय कार्डधारक हैं। सभी को प्रत्येक कार्ड पर तीन लीटर मिट्टी का तेल दिया जाएगा। इस संबंध में सभी राशन डीलरों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पारदर्शिता के साथ वितरण को लेकर पर्यवेक्षीय अधिकारियों को भी नामित किया जाएगा।