लकड़ी काटते वक्त मजदूर की मौत, परिजनों में कोहराम
गांव खोंडा में हुई घटना, सादाबाद सीएचसी पर चिकित्सकों ने मृत किया घोषित
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद (हाथरस)। सहपऊ थाना क्षेत्र के गांव खोंडा में लकड़ी काटते वक्त एक गरीब मजदूर की अचानक मौत हो गई। आसपास के लोग मजदूर को सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई।
जानकारी के मुताबिक, गांव नगला राय सिंह निवासी राजवीर सिंह पुत्र सनहरीलाल उम्र करीब 50 साल गांव खोंडा में लकड़ी काटने के लिए गया था। गांव के एक व्यक्ति को आवारा पशुओं को रोकने के लिए खेत के चारों तरफ तार लगाने थे, लिहाजा लकड़ी को खेत के चारों तरफ लगाना था।
बताते हैं कि राजवीर सिंह को लकड़ी काटने के दौरान ही अचानक सीने में दर्द उठा, उससे दर्द उठने की शिकायत भी की, जब उसकी हालत बिगडने लगी तो आसपास के लोग उसे सादाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों में कोहराम मचा रहा। करूण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया।