न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन स्तर से नगर निकायों में तैनात अधिशासी अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। लंबे समय से एक ही नगर निकाय में जमे ईओ के स्थानांतरण नीति के तहत तबादले किए गए हैं। इस जिले के कई ईओ भी बाहर स्थानांतरित हुए हैं। वहीं विवादों के चलते ईओ मेंडू को जिला मुख्यालय से संबद्ध किया गया है।
शासन स्तर से ईओ नगर पालिका हाथरस डॉ. विवेकानंद को रामपुर , इटावा से अनिल कुमार को ईओ हाथरस, सिकंदराराऊ ईओ बृजेश कुमार को अमरोहा, हसायन में ईओ सत्यपाल का बदायूं तबादला किया गया है। इधर, विवादों के चलते ईओ मेंडू अनामिका सिंह को जिला मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। वहीं छर्रा से ईओ नरेश कुमार को ईओ मेंडू बनाकर भेजा गया है। उल्लेखनीय है कि ईओ मेंडू का पूर्व में विवादों के घेरे में आने के बाद तबादला लगभग तय माना जा रहा था।
एआरटीओ का किया तबादला
हाथरस। शासन ने एआरटीओ प्रशासन नीतू सिंह का तबादला कर दिया है। उनका तबादला गाजीपुर किया गया है। अभी तक उनके स्थान पर यहां नई तैनाती नहीं की गई है।
डॉ. तेज सिंह हाथरस के नए सीवीओ
हाथरस। शासन ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ) डॉ. भूपेंद्र सिंह का तबादला गोरखपुर जिले के लिए कर दिया गया है। लखनऊ के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. तेज सिंह यादव को हाथरस भेजा गया है। संवाद