न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस) कस्बे के कई इलाकों के बाशिंदे गंदगी और जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं।आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया और इस समस्या के लिए नगर पंचायत को जिम्मेदार ठहराया।जब से नाले ढके गए हैं, तब से यह समस्या और बढ़ गई है।
कस्बे के कई इलाकों के बाशिंदे गंदगी और जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। इस समस्या से नाराज सर्वोदय नगर इलाके के लोगों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया और इस समस्या के लिए नगर पंचायत को जिम्मेदार ठहराया।
सर्वोदय नगर इलाके में लोग जलभराव की समस्या से परेशान हैं। स्कूल जाने वाले विद्यार्थी और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार नगर पंचायत कार्यालय में जाकर शिकायत की गई है, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। लोगों का आरोप है कि यहां तैनात सफाई कर्मचारी सफाई कार्य में मनमानी करते हैं।
लोगों का कहना है कि निरंजन बाजार चौराहे से स्थित कई कैंटीन से पानी पाउच, चाय के गिलास, कोल्ड ड्रिंक की बोतल आदि नाली में बहा दी जाती हैं, जो यहां आकर नाले को जाम कर देती हैं। नाले का पानी सड़क पर आ जाता है। जब से नाले ढके गए हैं, तब से यह समस्या और बढ़ गई है। कई बार नगर पंचायत अध्यक्ष से समस्या के समाधान की गुहार की गई है। सफाई कर्मचारी का स्थानांतरण कराने के लिए कहा गया है, लेकिन नगर पंचायत की तरफ से लगातार इसकी अनदेखी की जा रही है। संवाद