कोआपरेटिव की वसूली में निष्क्रिय होने पर अमीन बर्खास्त
एक साल से चल रहा था गायब, नोटिसों का जवाब नहीं देने पर डीएम ने की कार्रवाई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। सहकारिता विभाग में वसूली के लिए तैनात अमीन को बर्खास्त किया गया है। पिछले एक साल से वसूली कार्य में निष्क्रिय होने पर डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से अन्य कार्मिकों में खलबली मच गई है।
सहकारिता विभाग की ओर से सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को ऋण वितरित किया जाता है। इस ऋण की वसूली के लिए विभाग की ओर से कमीशन अमीनों के पद पर अमीनों की नियुक्ति की जाती है। इन अमीनों को वसूली के सापेक्ष कमीशन दिया जाता है। वसूली के लिए ब्लॉक हसायन में अमीन राजेंद्र शर्मा तैनात थे।
एआर कोआपरेटिव एके दुबे ने बताया कि पिछले एक साल से विभाग में तैनात कमीशन अमीन राजेंद्र शर्मा गैरहाजिर चल रहे थे। इनको तीन बार वसूली किए जाने व अपनी रिपोर्ट कार्यालय में देने के लिए नोटिस भेजे गए थे, लेकिन राजेंद्र शर्मा द्वारा किसी भी नोटिस का जबाव नहीं दिया गया। जबाव न देने की स्थिति में वसूली कार्य प्रभावित हो रहा था। इस आधार पर कार्रवाई किए जाने को लेकर जिलाधिकारी के समक्ष पत्रावलियां प्रस्तुत की गई हैं।
सहकारिता विभाग में वसूली कार्य के लिए अमीन रखे जाते हैं। शासनादेश के अनुरूप दो सालों में वूसली शून्य होने वाले पर कार्रवाई की जाती है। अमीन राजेंद्र शर्मा द्वारा वसूली कार्य नहीं किया गया था, इसलिए विभागीय कार्रवाई के तहत अमीन की सेवा समाप्त की गई है।
-प्रवीण कुमार लक्षकार, डीएम