हाथरस। बदलते दौर में साइकिलें भी अब आम से खास हो चली हैं। शहर के बाजार में चार हजार रुपये से लेकर 26 हजार रुपये तक का साइकिल का मॉडल उपलब्ध हैं। इसमें इनके बीमा भी होने लगे हैं। साइकिल खोने या दुर्घटना पर उसका क्लेम किया जा सकता है। शहर में हालांकि जागरूकता के चलते कुछ लोग ही साइकिल का बीमा करा रहे हैं। बीते साल से कोरोना काल में इम्युनिटी बढ़ाने के लिए 50 प्रतिशत लोग साइकिल का अधिक प्रयोग कर रहे हैं। अब तक कोरोना कर्फ्यू के चलते बाजार बंद होने से भी साइकिल कारोबार खासा प्रभावित हुआ है।
भागदौड़ भरी जिंदगी में फिटनेस बनाए रखने की खातिर साइकिल का चलन लोगों में काफी बढ़ा है। इस समय बाजार में चार हजार से लेकर 26 हजार रुपये तक साइकिलों के अलग अलग मॉडल उपलब्ध हैं। साइकिल महंगी हुई तो उनकी सुरक्षा भी खतरे में है, इसलिए अब साइकिलों का बीमा भी होने लगा है। यह बीमा महज चोरी होने पर हीं नहीं, बल्कि दुर्घटना होने पर भी कवर करेगा। यही कारण है कि लोग महंगी साइकिल लेते समय बीमा भी ले रहे हैं। संवाद
बीमा कराने के लिए ये देना होगा प्रीमियम
चार हजार रुपये की साइकिल पर 270 रुपये
पांच हजार रुपये की साइकिल पर पर तीन सौ रुपये।
छह हजार रुपये की चार सौ रुपये
सात हजार रुपये साढ़े चार सौ रुपये साइकिल धारक को अदा करने होंगे।
26 हजार रुपये की साइकिल पर साढ़े नौ सौ रुपये प्रतिवर्ष का प्रीमियम देना होगा
बीमा कराने व क्लेम के लिए चाहिए ये कागजात
बीमा कराने के दौरान साइकिल खरीदने वाले को आधार कार्ड, बैंक की पासबुक व ईमेल आईडी और व्हाट्सएप नंबर भी देना होगा। लिहाजा साइकिल चोरी होने व दुर्घटना होने पर संबधित थाने की रिपोर्ट दर्ज की कॉपी और बैंक की पासबुक देनी होगी। 15 दिन के अंदर साइकिल का 80 प्रतिशत दावा बीमाधारक के खाते में आ जाएगा।
कोरोना संक्रमण में इम्युनिटी बढ़ाने के लिए लोग साइकिल का अधिक प्रयोग कर रहे हैं। पिछले साल से करीब 50 प्रतिशत साइकिल की बिक्री बढ़ी है। महीने में 15 से 20 लोग साइकिल का बीमा करा रहे हैं। हमारे यहां चार हजार से लेकर 26 हजार रुपये तक की साइकलि के मॉडल उपलब्ध हैं। अब कोरोना कर्फ्यू के चलते बाजार बंद है। इस कारण साइकिल कारोबार खासा प्रभावित है।
-तरुण पंकज, साइकिल विक्रेता
पिछले साल कोरोना जब से शुरू हुआ है, तब से साइकिल की बिक्री में इजाफा हुआ है। अधिकांश अभिभावकों ने बड़े बच्चों को स्कूल के लिए छोटी साइकिल दिलाई है। साइकिल चलाने से इम्युनिटी बढ़ती है।
-सौरभ शर्मा, साइकिल विक्रेता