न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
इस बार अक्षय तृतीया पर सालों बाद ऐसा होगा कि शहनाई की गूंज सुनाई नहीं देगी। इस त्योहार पर इस बार विवाह समारोह नहीं होंगे। लॉकडाउन के चलते लोग भी घरों में ही पूजा अर्चना कर अक्षय की कामना करेंगे।
उल्लेखनीय है कि अक्षय तृतीया पर अनसूझे विवाह भी हो जाते हैं। ऐसे में हर गेस्ट हाउस व धर्मशाला इस तिथि के लिए कई-कई माह पहले बुक हो जाते थे, लेकिन लॉकडाउन के चलते इस बार ऐसा नहीं होगा। हर वर्ष विभिन्न समाज के लोगों द्वारा सामूहिक विवाह का आयोजन भी इसी तिथि को किया जाता है। इस बार लॉकडाउन के चलते सामूहिक विवाह के आयोजनों को टाल दिया गया है।
अक्षय तृतीया पर अन्य विवाह समारोह भी नहीं होंगे। इस दिन किए गए दान का कभी क्षय नहीं होता है। काफी लोग पूजा-अर्चना करने तीर्थ स्थलों पर जाते हैं तो काफी लोग गंगा स्नान करने के लिए गंगा घाटों पर जाते हैं, लेकिन यह लोग भी लॉकडाउन के चलते घरों से बाहर नहीं निकल सकेंगे। इस दिन लोग घरों में रहकर ही मनोरथ पूर्ण की कामना को लेकर पूजा-अर्चना करेंगे। वहीं देवालयों में भी कार्यक्रम नहीं होंगे।