न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ऐतिहासिक मंदिर श्रीदाऊजी महाराज के क्षतिग्रस्त शिखर को अब पुरातत्व विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुरातत्व विभाग की टीम क्षतिग्रस्त शिखर को अपने साथ आगरा ले गई है । यह टीम शिखर में प्रयुक्त होने वाले मैटेरियल के बारे में जांच करेगी और मैटेरियल का पता लगाएगी।
पिछले दिनों शहर के प्राचीन श्रीदाऊजी महाराज का शिखर अचानक क्षतिग्रस्त होकर गिर गया था। शिखर के गिरने की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी व धर्माचार्य मंदिर परिसर में पहुंचे थे। उन्होंने शिखर को मंदिर में अंदर रखवा दिया। प्रशासन ने इसकी सूचना पुरातत्व विभाग को दी थी।
प्रशासन की सूचना पर पुरातत्व विभाग की टीम ने मौके पर आकर मौका मुआयना किया और क्षतिग्रस्त शिखर को अपने कब्जे में लेने के लिए जिला प्रशासन से वार्ता की। पुरातत्व विभाग की टीम ने अब शिखर को अपने कब्जे में ले लिया है। पुरातत्व विभाग की टीम क्षतिग्रस्त शिखर को अपने साथ आगरा ले गई है। एसडीएम रामजी मिश्र में बताया कि शिखर के निर्माण में हुए मेटेरियल का लेब में जांच कर पता लगाया जाएगा। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
23 को दाऊजी मंदिर पर पूजा-अर्चना के साथ होगा ध्वज स्थापित
हाथरस। ऐतिहासिक किला परिसर स्थित मंदिर श्रीदाऊजी महाराज के शिखर से बीते दिनों ध्वज एवं कलश अचानक गिर गए थे। सर्वमंगल कामना के लिए मंदिर श्रीदाऊजी महाराज किला पर 23 जून को विधि-विधान से ध्वज पूजन कर ध्वजा की स्थापना की जाएगी। इस दिन श्रीबलभद्र, सुभद्रा एवं जगन्नाथ जी की रथयात्रा महोत्सव भी है। कलश की स्थापना भी शीघ्र होगी। यह जानकारी पंडित अजय चतुर्वेदी सेवायत पुजारी, अतुल आंधीवाल एडवोकेट पूर्व अध्यक्ष डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, अजय भारद्वाज पूर्व सचिव, पंडित मनोज द्विवेदी, पप्पन पहलवान, राम गुप्ता, सभासद अशोक शर्मा, डॉ. नीरज वार्ष्णेय आदि ने दी है।