न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
ग्राम रुदायन में एक मरीज में डेंगू की पुष्टि होने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को गांव में शिविर लगाया और ग्रामीणों की डेंगू, मलेरिया सहित अन्य जांचें कीं। गांव में कुल 100 घरों के 57 लोगों की सोर्स रिडक्शन के दौरान जांच की गई। गांव में बुखार के कई लोग मिले।
स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. दलवीर सिंह रावत ने गांव में भ्रमण कर वायरल बुखार से बचाव और इसकी रोकथाम के उपाय ग्रामीणों को बताए। लोगों को डेंगू और मलेरिया के लक्षणों की जानकारी दी गई। लोगों को घर के बर्तनों में साफ पानी एकत्रित न करने की सलाह दी गई। घरों के आसपास सफाई के लिए भी जागरूक किया गया। पूरे गांव में कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया गया। टीम ने जिन 57 मरीजों की जांच की, उनमें 15 की मलेरिया और 15 की डेंगू की जांच कराई गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई।
प्रभारी डॉ. रावत का कहना है कि कल एक मरीज की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव मिलने के कारण उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मौके पर डॉ. नीतू सिंह, डॉ. अलका सेंगर, डॉ. इंदु बा, एएनएम रेनू, सुनील कुमार शर्मा एमआई प्रीति सेंगर, एमआई पूजा गुप्ता, एमआई अनंत कुमार, आईएफडब्ल्यू आकाश कौशिक आदि टीम में शामिल थे। संवाद