न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को एटा जिले की सीमा से लगे गांव राजपुर में छापा मारकर मिलावटी शराब बनाने के गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से शराब का जखीरा बरामद किया है। गिरोह के तीन अन्य सदस्य भाग जाने में सफल रहे। पुलिस का कहना है कि अगर यह शराब बाजार में पहुंच जाती तो इसे पीने से कइयों की जान पर बन सकती थी।
मौके से पुलिस को कार्टनों में सील हजारों की संख्या में शराब के भरे हुए पौव्वे, खाली पौव्वे, स्प्रिट कैमिल कलर, पौव्वा सील करने की मशीन, खाली रैपर, पौव्वे के ढक्कन व अन्य सामान मिला है। एसपी विनीत जायसवाल ने कोतवाली पहुंचकर इस कामयाबी पर पुलिस टीम शाबासी दी और 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की।
कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि एटा सीमा के गांव राजपुर में मिलावटी शराब बनाने का गोरखधंधा चल रहा है। सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को गांव में छापा मारा। मौके का नजारा देखकर पुलिस टीम भी भौचक्की रह गई। एक घर के सामने एक ट्रैक्टर टॉली खड़ी थीं। इनमें शराब के कार्टन लदे हुए थे। खुले में कई लोग खाली पौव्वों पर लेवल चिपका रहे थे। पुलिस को देख मौके पर भगदड़ मच गई। पुलिस टीम ने तीन लोगों को मौके से पकड़ लिया। इनमें एक महिला भी शामिल थी।
मौके से पुलिस को शराब के 1200 भरे हुए पौव्वे, 1300 खाली पौव्वे, 100 लीटर स्प्रिट रैक्टीफाइड, ड्रम मेें भरी 50 लीटर बनी शराब, पांच लीटर केन केमिल कलर, एक बंडल नकली क्यूआर कोड, सील लगाने की मशीन और एक ट्रैक्टर ट्रॉली मिली। मौके से विष्णु पुत्र हुब्बलाल निवासी गांव गढ़िया इकबालपुर कोतवाली सिकंदराराऊ, अनिरुद्ध पुत्र निरोत्तम निवासी गांव गढ़िया इकबालपुर, निधि पत्नी सोनू यादव गांव राजपृर मिले। मौके से फैक्टरी मालिक सोनू यादव पुत्र जगदीश यादव, राजपुर, यौलू पुत्र शीलेंद्र राजपुर, विशेष पुत्र हरपाल राजपुर भाग जाने में सफल रहे। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई राकेश चंद्र, सोवरन सिंह, सतेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार, अरविंद कुमार, प्रशांत पवार, नरेश चौधरी, पिंटू कुमार, महिला सोनम, पूजा यादव आदि शामिल थे।