न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
एमएलसी चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को मूर्त रूप देना शुरू कर दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है। पोलिंग पार्टी रवाना किए जाने के लिए अधिकारियों ने खेल स्टेडियम का मौका मुआयना किया और शिविरों के लिए जगहों का निर्धारण किया।
मतदान के लिए जिले में नौ केंद्र तथा 31 बूथ बनाए गए है। खंड शिक्षक के 3,015 मतदाता एवं स्नातक के 15,538 मतदाता हैं। मतदान केंद्र पर एक प्रत्याशी के केवल दो एजेंट ही नियुक्त किए जाने के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। जांच के बाद एजेंट बनाए जा सकेंगे।
30 नवंबर को पोलिंग पार्टी जिला स्टेडियम से सुबह नौ बजे मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। सभी मतदान अधिकारी प्रथम, मतदान अधिकारी द्वितीय, मतदान अधिकारी तृतीय तथा पीठासीन अधिकारी द्वारा मतदान के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।