हाथरस जिले में दिवाली पर आतिशबाजी की अस्थायी दुकानों के संचालन और बिक्री के लिए जिला प्रशासन ने स्थान तय कर दिए हैं। तहसीलवार अस्थायी आतिशबाजी लाइसेंस के लिए स्थानों का चयन कर लिया गया है।
जिलाधिकारी सत्यप्रकाश पटेल ने बताया कि संबंधित उप जिलाधिकारियों द्वारा प्रस्तावित इन निर्धारित स्थलों पर ही सात से नौ नवंबर तक अस्थायी आतिशबाजी बिक्री के लाइसेंस निर्गत किए जाएंगे। आतिशबाजी की सभी दुकानें टिन शेड से निर्मित की जाएंगी। दो निर्मित दुकानों के बीच में पार्टीशन के रूप में कम से कम तीन मीटर का फासला रखना अनिवार्य होगा। सभी संबंधित उपजिलाधिकारी, थाना प्रभारी और अग्निशमन अधिकारी समय-समय पर स्थल का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करेंगे कि विस्फोटक नियमावली के नियमों का पूर्ण पालन हो।
यह हैं तय स्थान
- तहसील सिकंदराराऊ : सिकंदराराऊ क्षेत्र में क्रीड़ा स्थल जीटी रोड, पुरदिलनगर में हसायन रोड सरस्वती स्कूल से आगे, हसायन में अंडौली रोड भू देवी डिग्री कॉलेज के पास खाली मैदान और कचौरा में सुम्मेरपुर-अग्रना लिंक मार्ग को आतिशबाजी बिक्री के लिए तय किया गया है।
- तहसील सादाबाद : सादाबाद में बाग छाबी मियां, सहपऊ में हनुमान टीला के पास आबादी से बाहर खाली मैदान, विसावर में आबादी से बाहर खाली मैदान (आईटीआई के पीछे) और कुरसंडा में आबादी से बाहर खाली मैदान (कोऑपरेटिव के पास) पर दुकानें लगेंगी।
- तहसील सासनी : सासनी क्षेत्र के अंतर्गत केएल जैन इंटर कॉलेज का मैदान, सासनी को निर्धारित किया गया है।
- तहसील हाथरस : नगर में बागला इंटर कॉलेज का मैदान, मुरसान में जीएसएएस इंटर कॉलेज का मैदान, हाथरस जंक्शन में भोपतपुर रोड पर खाली मैदान, मेंडू में भैरव मंदिर के दाहिनी तरफ खाली स्थान और महौ में पुराना किला को आतिशबाजी बिक्री का स्थल बनाया गया है।