न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में बुधवार से नियत समय पर हर रोज मंडी खुलेंगी। इससे सब्जी कारोबारियों को राहत मिलेगी। सब्जी आढ़तियों को कोविड के नियमों का पूरी तरह पालन करना होगा। यदि नियम पालन में हीलाहवाली की गई तो मंडी प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि आवश्यक सेवाओं में शामिल मंडी समिति खुलने में कई दिनों से दिक्कतें आ रही थीं। इस संबंध में प्रशासन का स्पष्ट आदेश मंडी प्रशासन को नहीं मिल रहा था। मंडी पहुंचने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
मंडी सचिव का कहना है कि डीएम ने मंडी को खोलने के निर्देश दिए हैं, ताकि लोगों को फल, सब्जी मिलती रहें, लेकिन आढ़तियों को सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन करना होगा। आढ़तियों को हाथों में ग्लब्स पहनने होंगे। हाथों को बार-बार सैनिटाइज करना होगा। जो आढ़तिया मंडी में नियम का पालन नहीं करेगा। उनके खिलाफ मंडी प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंडी सचिव यशपाल सिंह का कहना है कि अब मंडी नियत समय से खुलेगी। आढ़तियों व लोगों को मंडी प्रवेश के दौरान मास्क लगाने के साथ कोविड के नियमों का पूरा पालन करना होगा। तभी वह मंडी में प्रवेश कर पाएंगे।