न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
आय से अधिक संपत्ति के मामले में एडीएम के बिना हस्ताक्षर के जांच रिपोर्ट लोकायुक्त को भेजे जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में डीएम को शिकायती पत्र दिया है। पत्र में कहा गया है कि एक अधिकारी व लिपिक ने मिलीभगत के करके प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट के हस्ताक्षर से रिपोर्ट लोकायुक्त को भेजी है।
शिकायत में विश्वनाथ प्रताप सिंह ने कहा है कि सादाबाद में तैनात लिपिक मुकुट बिहारी की आय से अधिक संपत्ति की शिकायत लोकायुक्त से की गई थी। लोकायुक्त ने जांच कमेटी में एडीएम को अध्यक्ष, एसडीएम सादाबाद, सीओ सादाबाद, कोषाधिकारी सादाबाद को सदस्य नामित किया गया था। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों समक्ष आय से अधिक संपत्ति के सबूत प्रस्तुत किए थे।
उन्होंने कहा कि यह ज्ञात हुआ है कि जांच कमेटी के एक सदस्य व कलेक्ट्रेट के बाबू ने जांच को प्रभावित कर एडीएम को बिना बताए प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट के हस्ताक्षर से जांच रिपोर्ट को लोकायुक्त को भेज दिया गया। शिकायतकर्ता ने दोषी लोगों की जांच कराकर कठोर कार्रवाई कर दोबारा जांच को वापस मंगाकर सही जांच कराने की मांग की है। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने बताया कि एक शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। अभी मामले की पूरी जानकारी ली जाएगी।