न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में नगला सिंगी, दया और प्रहलाद गांव में रहने वाले कुछ लोगों ने अब मुख्यमंत्री के लिए पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि उन्हें अब डराया-धमकाया जा रहा है। इन लोगों ने कहा है कि यदि उन्हें धमकाने वालों के खिलाफ कार्रवाई न हुई तो वह पलायन के लिए मजबूर होंगे।
इस पत्र में कहा गया है कि प्रधानी चुनाव के समय एक प्रत्याशी द्वारा धमकी दी गई थी कि यदि उसे वोट नहीं दिया तो तो अंजाम बुरा होगा। इसी प्रत्याशी व रामहरि ने मिलकर शराब को जहरीला बना दिया। सोमवार को आयोजित कुल देवता पूजा के कार्यक्रम में चौदह लोगों ने शराब का सेवन कर लिया।
60 वर्षीय लाखन सिंह की मंगलवार को मौत हो गई। शाम को अशोक, नेत्रपाल और बलवीर की मौत हो गई। बुधवार सुबह मोहन सिंह और सोहन सिंह की मौत हो गई। आठ लोगों की हालत गंभीर है, जिनका उपचार अलीगढ़ के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कुछ लोग दहशत में पलायन कर गए हैं।