न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)।
आगरा रोड स्थित बरौस टोल प्लाजा पर ट्रक चालक को बंधक बनाकर पीटने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। चालक की शिकायत पर टोल प्रबंधक सहित अन्य कर्मचारियों को आरोपित किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लोचन सिंह पुत्र कल्याण सिंह निवासी खुर्द भिंड मध्य प्रदेश ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि 21 अक्तूबर को वह आगरा से 22 चक्का ट्रक लेकर सिकंदराराऊ के लिए जा रहा था। बरौस टोल प्लाजा पर प्रबंधक बिजेंद्र तिवारी और अनुज मलिक के कहने पर आठ-10 कर्मचारियों ने उसे बंधक बनाकर बुरी तरह मारापीटा। इससे उसे काफी चोटें आई हैं।
उसके फोन को टोल कर्मचारियों ने जमीन पर पटक दिया, जिससे उसका मोबाइल भी टूट गया है। इस मामले में आईपीसी की धारा 147, 341, 323, 427 के तहत बृजेंद्र तिवारी प्रबंधक बरौस टोल प्लाजा, अनुज मलिक कर्मचारी बरौस टोल प्लाजा, आठ-10 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। संवाद