न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर से सटे एक गांव की एक महिला ने हाथरस गेट कोतवाली निरीक्षक पर पुलिस हिरासत में रखकर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। इस महिला ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। कोतवाली निरीक्षक ने इन सब आरोपों को निराधार बताया है।
एसपी को लिखे पत्र में इस महिला ने कहा है कि वह विधवा है और उसके दो छोटे बच्चे हैं। 22 जुलाई की शाम को पुलिस एक व्यक्ति के साथ उसके घर पर आई और उसे घर से ले जाने लगी। इस पर उसकी बहनों ने पूछा तो पुलिसकर्मियों ने यह कहा कि वह उसे पूछताछ करने के बाद छोड़ देंगे। इस महिला का आरोप है कि उसके बाद उसे कोतवाली में डाल दिया गया।
थाने में कोतवाली निरीक्षक मनोज शर्मा ने रात्रि साढ़े 11 बजे उसे भद्दी-मद्दी गालियां दी और उसके साथ अश्लील हरकत कर दुष्कर्म का प्रयास किया। अन्य पुलिसकर्मियों ने भी उस पर लात घूंसे मारे। 23 जुलाई को जब उसकी बहनें पहुंच गईं तो उसे गंदी-गंदी गालियां देकर छोड़ा। इस महिला ने कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाली निरीक्षक हाथरस गेट मनोज शर्मा का कहना है कि एक शादीशुदा महिला गायब है।
जो महिला आरोप लगा रही है, उस महिला के कपड़े इसके यहां मिले हैं। वहीं के लोगों ने इस महिला को पकड़ कर दिया था। पूछताछ के लिए उसे थाने लाया गया था। इसके अलावा यह महिला जो भी बात कह रही है, वह पूरी तरह से निराधार है। महिला द्वारा जो आरोप लगाए जा रहे हैं, उनमें कोई सत्यता नहीं है।