न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
एक महिला ने अपने प्रेमी की खातिर सात फेरों के बंधन को भी ठुकरा दिया। परिवार के लोग उसको समझा-बुझाकर थक गए हैं, लेकिन वह अब अपने प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी है। महिला राजस्थान के भरतपुर जनपद के एक गांव की निवासी है, जबकि उसका प्रेमी कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के एक गांव का निवासी है।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्रांतर्गत निर्माणाधीन ओवरब्रिज के नीचे रविवार की दोपहर को काफी भीड़ लगी थी। यहां पर एक महिला को एक युवक और एक महिला खींच रहे थे। लोगों ने जानकारी ली तो पता चला कि महिला को खींचने वाली दूसरी महिला उसकी बड़ी बहन है।
बड़ी बहन ने बताया कि उसकी छोटी बहन को कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक अपनी बातों में फंसाकर ले आया है। अब वह उनके साथ जाने को तैयार नहीं है। महिला ने बताया कि उसकी बहन 25 जनवरी से लापता थी। फोन नंबर के माध्यम से उसकी तलाश करते-करते वह प्रेमी के गांव पहुंचे, लेकिन अब वह साथ जाने का राजी नहीं है। इसे लेकर वहां काफी हंगामा हुआ। उसके बाद महिला के परिवार के लोग उसे व उसके प्रेमी को थाने ले गए।