संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने एसआर रजिस्टर में गड़बड़ी पर दो और कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इसमें डीआरबी इंटर कॉलेज हाथरस और मां भगवती देवी इंटर कॉलेज नसीरपुर सादाबाद के नाम शामिल हैं। स्पष्टीकरण न देने पर इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई किए जाने की बात पत्र में कही गई है।
डीआरबी इंटर कॉलेज हाथरस और मां भगवती देवी इंटर कॉलेज नसीरपुर सादाबाद के प्रधानाचार्य द्वारा छात्र पंजीकरण स्थानांतरण प्रमाणपत्र एसआर रजिस्टर डीआईओएस दफ्तर भेजा गया। इसे देखकर पता चला कि विद्यालय के एसआर रजिस्टर में अधिकतर छात्रों के पिता का नाम, माता का नाम, जाति, धर्म, जन्म तिथि एवं पूर्व विद्यालयों के नाम अंकित नहीं किए गए हैं।
इसमें विद्यालय द्वारा लापरवाही किए जाने की बात सामने आ रही है। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना प्रतीत हो रहा है। डीआईओएस रीतू गोयल ने बताया कि इस संबंध में दोनों कॉलेजों के प्रधानाचार्यों से साक्ष्यों सहित तत्काल स्पष्टीकरण मांगा गया है। एसआरए पंजिका पूर्ण कर एक सप्ताह के अंदर फिर से कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।