गांव के लोगों के साथ मजदूरी करने गया व्यक्ति हुआ लापता
दो लोगों पर जताया शक, पुलिस से की शिकायत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। मुरसान क्षेत्र के गांव सौंरव कोटा में एक व्यक्ति को उसी के गांव के दो व्यक्ति मजदूरी करने के बहाने बाहर ले गए हैं, लेकिन अब इस व्यक्ति का कोई अता-पता नहीं है। परिजनों ने रविवार को मुरसान थाने शिकायत की है।
अनीता पत्नी हरिमोहन निवासी नगला सौंरव कोटा मुरसान ने पुलिस को बताया कि उसके पति हरिमोहन को गांव के दो लोग करीब 15 दिन पहले मजदूरी करने के लिए ले गए थे। पहले भी यह लोग कई महीनों तक एक साथ मिलकर मजदूरी करने गए थे। 15 दिन पहले हरिमोहन ने इन लोगों से जाने के लिए मना किया था।
महिला का आरोप है कि मना करने के बावजूद गांव के दोनों लोग हरिमोहन को जबरन मजदूरी करने की बात कहकर घर से ले गए थे, लेकिन पिछले चार दिन से हरिमोहन से परिवार वालों का संपर्क नहीं हो पा रहा है। जब उन्होंने साथ ले गए दोनों लोगों से पूछताछ की तो उन लोगों ने भी हरिमोहन की जानकारी होने से इंकार कर दिया। इसी वजह से परिवार के लोगों को उन लोगों पर संदेह हुआ और वह लोग मुरसान थाने गांव की दोनों लोगों की शिकायत करने के लिए पहुंच गए।