न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरसान (हाथरस)।
क्षेत्र के गांव बगुली के रहने वाले एक युवक की गिरफ्तारी के बाद उसके साथियों में खलबली मच गई है। इस युवक को फाइनेंस कंपनी के साथ धोखाधड़ी करने के मामले में आगरा पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया था।
बता दें कि इस युवक ने फाइनेंस कंपनी के साथ धोखाधड़ी कर कुछ सामान खरीदे थे। इनको इस युवक ने कुछ दोस्तों को बेच भी दिया। आगरा के थाना जगदीशपुरा पुलिस और साइबर क्राइम सेल ने फर्जी दस्तावेज लगाकर फाइनेंस कंपनी को लाखों रुपये का चूना लगाने के आरोप में मुरसान के गांव बगुली के रहने वाले योगेश को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया था।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने अलीगढ़, मथुरा, गौतमबुद्ध नगर, आगरा और दिल्ली में कई इलेक्ट्रॉनिक शोरूम से कर्ज पर एलईडी, मोबाइल, कैमरा, लैपटॉप आदि सामान खरीदे थे। पुलिस के मुताबिक फाइनेंस कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। युवक सामान लेने के बाद उनकी किस्त अदा नहीं करता था। कंपनी पर किस्त न पहुंचने के बाद जब उसकी जांच-पड़ताल की गई तो उसके आधार कार्ड व पैन कार्ड फर्जी पाए।
आगरा पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उसको गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से किस्तों पर खरीदे गए कई सामान भी पुलिस को मिले हैं। इस मामले में पुलिस अन्य जानकारी भी जुटा रही है। यह बात जब योगेश के साथियों को पता चला थी तो उनमें खलबली मच गई। मुरसान कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा का कहना है कि इस युवक ने जहां अपराध किया है, वहीं कार्रवाई की जा रही है।