न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
तलाकशुदा महिला की मौत के मामले में चाचा की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं पुलिस हत्यारे और हत्या करने के कारण का पता लगाने में जुट गई है।
उल्लेखनीय है हाथरस गेट क्षेत्र के गोकुलधाम कॉलोनी में रतनगढ़ी निवासी चरण सिंह पुत्र दुर्गा प्रसाद का मकान है। चरन सिंह दूरदर्शन में सहायक निदेशक अनुसंधान जयपुर के पद से रिटायर हैं। उनकी 40 वर्षीय बेटी सुषमा का अपने पति से तलाक हो चुका था। तभी से सुषमा अपने माता-पिता के साथ गोकुलधाम कॉलोनी में रह रही थी। लॉकडाउन से कुछ दिन पहले चरन सिंह जयपुर अपनी दवा लेने चले गए। सुषमा की मां गीता देवी भी लॉकडाउन से पहले जयपुर चली गईं।
लॉकडाउन के कारण सुषमा के माता-पिता जयपुर से हाथरस नहीं लौट पाए। इस बीच पिछले करीब दो दिन पहले किसी ने सुषमा की हत्या कर दी। मोहल्ले के लोगों को घर से बदबू आई तो पुलिस को सूचना दी गई। शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। चाचा रामवीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले को लेकर पुलिस छानबीन में जुट गई है। कोतवाली हाथरस गेट के निरीक्षक मनोज शर्मा ने बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है।