न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मथुरा रोड पर कलक्ट्रेट के निकट देर रात को वृंदावन जा रहे श्रद्धालुओं से भरी मैक्स गाड़ी बृहस्पतिवार की रात को अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में 15 लोग घायल हो गए। गाड़ी में सवार महिला-पुरुष और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। मैक्स में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया। यहां पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से करीब छह लोगों को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया।
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव गढ़ी दूधाधारी निवासी करीब 12 लोग बृहस्पतिवार की देररात को मैक्स गाड़ी से वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन करने जा रहे थे। उनकी गाड़ी मथुरा रोड पर कलेक्ट्रेट के पास पहुंचते ही अनियंत्रित हो गई और पलट गई। गाड़ी पलटने से उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। उनकी आवाज सुनकर राहगीरों और आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ लग गई। सभी को मैक्स गाड़ी के नीचे से बाहर निकाला गया।
पुलिस पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों अवधेश पुत्र महावीर, बाबूलाल पुत्र हीरालाल, गुड्डी देवी पत्नी विजेंद्र सिंह, सावित्री पुत्री हीरालाल, रोहताश पुत्र पन्नालाल, लक्ष्मी पुत्री बाबूलाल, मधू पुत्री रोहताश, दया पुत्री रामबाबू, पंकज पुत्र गोपाल, सौदान सिंह पुत्र पन्नालाल, राजेश्वरी पत्नी सौदान सिंह, आरती पुत्री सौदान सिंह, कमलेश पत्नी धर्मेंद्र, उमेश पुत्र महावीर और सरोज पत्नी राजपाल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे की सूचना के बाद घायलों के परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां से अवधेश, बाबूलाल, गुड्डी देवी, मधू, राजेश्वरी और उमेश को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। संवाद