न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत जिले के करीब 92 हजार किसानों ने अभी तक ई केवाईसी नहीं कराई है। इस कारण 31 मई को जारी होने वाली निधि की किश्त इन किसानों के खातों में नहीं पहुंच सकेगी।
योजना के तहत जिले के 1.92 लाख किसानों को योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। शासन की ओर से इस बार आधार आधारित भुगतान शुरू किया गया है। इस कारण सभी किसानों को ई केवाईसी कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इस क्रम में स्थानीय स्तर पर सभी किसानों को जनसेवा केंद्रों के माध्यम से ई केवाईसी कराने के निर्देश जारी किए गए हैं, जिससे सभी किसानों के खाते में 31 मई को भेजी जाने वाली किस्त आसानी से मिल सके। उपकृषि निदेशक हंसराज ने बताया कि करीब 92 हजार किसानों ने अभी तक ई केवाईसी नहीं कराई है।
इस कारण इनके खाते में इस बार 31 मई को भेजी जाने वाली किस्त नहीं जा सकेगी। जिन किसानों ई केवाईसी करा ली है, वह नजदीकी केंद्र पर जाकर ई केवाईसी को कन्फर्म करा लें। सभी किसान जल्द से ई केवाईसी पूर्ण कर लें, जिससे किस्त आसानी से खाते में पहुंच सके। संवाद