हाथरस: लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल में बने क्वारंटीन सेंटर में हरियाणा से आए मजदूरों के चेकअप के दौ
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना महामारी को लेकर लॉकडाउन में फंसे उत्तर प्रदेश के लोगों को उनके जिलों तक लाने की कवायन शासन के निर्देशों पर जिला प्रशासन की ओर से शुरू कर दी गई है। शनिवार की देर रात जिले के 47 लोग हरियाणा प्रांत से रोडवेज बसों के माध्यम से लाए गए। इन सभी को लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल में बने क्वारंटीन सेंटर में प्रशासन की निगरानी में रखा गया है। इस सेंटर में इन लोगों का प्राथमिक स्वास्थ्य चेकअप भी कराया गया है।
जिले के करीब 5 हजार लोग अन्य प्रांतों में फंसे हुए हैं। इन लोगों को लाने के लिए शासन स्तर से निर्देश जारी किए हैं। शासन के निर्देश पर हरियाणा प्रांत में फंसे लोगों को लाने का काम शुरू कर दिया गया है। शनिवार की देर रात रोडवेज बसों के माध्यम से हरियाणा से 47 लोगों को जिले में लाया गया। इन सभी लोगों को लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल में बने क्वारंटीन सेंटर में रखा गया। इन लोगों का रास्ते में कई स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा चेकअप भी किया गया। इन सभी को क्वारंटीन सेंटर में प्रशासनिक अफसरों व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की निगरानी में रखा गया है।
रविवार की सुबह सभी लोगों का प्राथमिक स्वास्थ्य चेकअप किया गया। स्वास्थ्य चेकअप के दौरान एक मरीज को बुखार की शिकायत मिली। प्रशासन ने सभी को अलग अलग कमरों में सोशल डिस्टेंसिंग के अनुसार ठहरने की व्यवस्था की है। इन सभी का पीपीई की किट के माध्यम से स्क्रीनिंग की जाएगी। वहीं इन लोगों के जिले में आने की सूचना मिलते ही परिजन क्वारंटीन सेंटर पर पहुंच गए, लेकिन प्रशासन ने किसी को भी अभी परिजनों से मिलने की अनुमति नहीं दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इन लोगों को परिजनों से मिलने की अनुमति दी जाएगी।