आवास प्लस में 4772 आवेदनों की होगी पात्रता की जांच
पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास देने की कार्रवाई तेज
आधार फीडिंग के जरिये पकड़ा फर्जीवाड़ा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। पीएम आवास योजना ग्रामीण के तहत अब आवास प्लस के लिए आने वाले आवेदनों का सत्यापन शुरू किया जा रहा है। डीआरडीए को आवास प्लस के तहत मिले आवेदनों में पात्रता की जांच के लिए ब्लॉक वार निर्देश जारी किए हैं। विभाग को आवास प्लस के तहत आवास के लिए 4772 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनकर्ताओं के आधार कार्डों को भी फीड किए जाएगा, जिससे कि डुप्लीकेसी को भी पकड़ा जा सके।
शासन स्तर से पीएम आवास योजना ग्रामीण के तहत सामाजिक आर्थिक गणना-2011 के अनुसार पात्रों का चयन कर लक्ष्य के सापेक्ष आवासों का आवंटन किया गया था। सामाजिक आर्थिक गणना की सूची में से विभाग ने सभी पात्रों का चयन कर आवास देने की प्रक्रिया को पूरा कर लिया है। इस बीच गणना सूची में नाम नहीं होने वाले लोगों ने भी आवास के लिए आवेदन किए थे।
इन आवेदनों को विभाग की ओर से सूचीबद्ध कर लिया गया था। डीआरडीए को आवास प्लस योजना के तहत 4772 ग्रामीण क्षेत्र के आवेदन प्राप्त हुए थे। इन आवेदनों को अब ब्लॉक वार पात्रता की जांच किए जाने के लिए भेजा जा रहा है। ब्लॉक वार इन आवेदनकर्ताओं की जांच की जाएगी। जांच के उपरांत फाइनल सूची तैयार की जाएगी। इस सूची को शासन को भेजा जाएगा। हालांकि विभाग ने आवास प्लस के तहत आने वाले आवेदनों के लिए धनराशि आवंटित किए जाने को लेकर शासन को प्रस्ताव भेज दिया है।
पात्रता की जांच होने के बाद फाइनल सूची के आधार पर आवास निर्माण के लिए मिलने वाली धनराशि दी जाएगी। विभाग की ओर से सभी आवेदनकर्ताओं को आधार आवेदन में लगवाए जाएंगे, जिससे डुप्लीकेसी को पकड़ा जा सके। विभाग की ओर से पात्रता जांच के लिए के लिए सभी ब्लॉकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
आवास प्लस के तहत आने वाले आवेदनों की पात्रता जांच के लिए ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों निर्देश जारी किए गए हैं। आवेदनकर्ता से आधार कार्ड भी लिया जा रहा है, जिससे डुप्लीकेसी को रोका जा सके।
-एके मिश्र, पीडी, डीआरडीए