हाथरस: जिला अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने बुधवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करने पर पाया गया कि 35 डॉक्टर/कर्मचारी अनुपस्थित हैं। डीएम ने अनुपस्थित चिकित्सक और कर्मचारियों काएक दिन के वेतन काटने के आदेश दिए हैं। वहीं सभी गैरहाजिर चिकित्सक व कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है। चिकित्सक डॉ. पीके श्रीवास्तव को लगातार नौ जून से गैरहाजिर होने पर महामारी एक्ट के तहत नोटिस दिया गया है।
इस दौरान डीएम ने वेंटिलेटर कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से वेंटिलेटर मशीनों एवं उनकी कार्य विधि के बारे में जानकारी ली। सीएमओ ने बताया कि वेंटिलेटर कक्ष में चार वेंटिलेटर मशीनें लगी हुई हैं, जिनमें से एक मशीन तकनीकी रूप ठीक स्थिति में नहीं है। डीएम ने ट्रू नेट कोविड-19 वायरस प्रयोगशाला का निरीक्षण किया।
डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिए कि कोरोना से पीड़ित मरीजों की सैंपलिंग की जांच अधिक से अधिक की जाए। उन्होंने ट्रू नेट मशीन के बारे में जानकारी ली। उनको बताया कि इस मशीन द्वारा 02 बार जांच परीक्षण किया जाता है। डीएम ने आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण किया। आइसोलेशन वार्ड में कुल पांच मरीज भर्ती हैं, जिनमें से दो मरीज कोरोना पॉजीटिव के हैं। डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिए कि कोरोना पॉजिटिव मरीजों को अलग वार्ड में रखा जाए। वार्ड और स्पताल परिसर में साफ सफाई संतोषजनक न होने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए नियमित रूप से साफ सफाई कराने एवं बैड शीट आदि के उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए।