3379 आवेदनकर्ता प्रमाण पत्रों के लिए काट रहे कार्यालयों के चक्कर
लेखपालों की हड़ताल के चलते प्रमाण पत्र नहीं हो पा रहे जारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। जिले में लेखपालों की हड़ताल के कारण तहसीलों से जुड़े तमाम कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वर्तमान में जिले में आय, निवास और जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं। वर्तमान में जिले में 3379 आवेदनकर्ताओं के प्रमाण जारी होने के इंतजार में लटके हुए हैं। इन प्रमाण पत्रों को बनवाने के लिए आवेदनकर्ता कार्यालयों और जनसेवा केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं।
शासन स्तर से आमजन को कार्यालयों के चक्कर बिना काटे ही आय, निवास, जाति सहित तमाम प्रमाण पत्रों को ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर जारी करने की सुूविधा मुहैया कराई गई है। वर्तमान में लेखपालों की हड़ताल के चलते यह सुविधा आवेदनकर्ताओं के लिए असुविधा बनकर सामने आ गई है। जिले में वर्तमान में लेखपाल हड़ताल पर चल रहे हैं, इस कारण प्रमाण पत्रों पर प्राथमिक रिपोर्ट नहीं लग पा रही है। इस कारण आवेदन उच्चाधिकारियों को अग्रेसित नहीं हो पा रहे हैं।
यहां तक कि तमाम आवेदन तहसीलदारों व एसडीएम स्तर पर भी लंबित हैं। इन आवेदनों पर भी जिम्मेदाराना अधिकारी गंभीरता नहीं बरत रहे हैं। पोर्टल पर करीब 1600 ऐसे आवेदन हैं, जिन आवेदनों को एक सप्ताह पूरा हो चुका है। वहीं 1700 आवेदन तो ऐसे हैं, जिन्हें एक माह हो चुका है, लेकिन अधिकारियों को कोई सुध नहीं है। वहीं करीब 50 आवेदन तो एक माह की सीमा को भी पार चुके हैं। यह आवेदनकर्ता जनसेवा केंद्रों व कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं।