3317 नव दंपतियों को बांटे शगुन किट
परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत नव दंपतियों को जागरूक करने की हो रही पहल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। परिवार नियोजन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा खास पहल की जा रही है। मिशन परिवार विकास की ओर से नव दंपती को शगुन पहल किट भेंट की जा रही है। किट में गर्भ निरोधक गोलियां, गर्भ परीक्षण किट, आपातकालीन और दंपती के शृंगार से संबंधित उत्पाद शामिल हैं। नवदंपतियों को किट के वितरण की जिम्मेदारी आशा कार्यकर्ताओं की है।
प्रजनन दर में सुधार को लेकर सरकार गंभीर है। उच्च प्रजनन दर (3 से अधिक बच्चों) वाले जनपदों में सुधार के लिए मिशन परिवार विकास ने पहल की है। विभाग की ओर से जिले में अभी तक 3,317 नवविवाहित दंपती को शगुन किट भेंट की जा चुकी हैं।
जिला परिवार कल्याण विशेषज्ञ आशीष शर्मा ने बताया कि परिवार कल्याण कार्यक्रमों की जानकारी वैवाहिक जीवन में कदम रखने वालों तक सीधे पहुंचाने के लिए शुभ शगुन किट योजना शुरू की गई थी। इसके तहत विवाह के तत्काल बाद बहू के ससुराल में कदम रखते ही आशा बहू नववधू को स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुभ शगुन के रूप में नई पहल किट का तोहफा देती है। इस थैले में नेल कटर से लेकर शृंगार की अधिकतर सामग्री होती है। बच्चों में अंतर रखने के उपाय बताने वाले साहित्य, संसाधन तथा बच्चों के पालन पोषण का तरीका समझाने वाली पुस्तक भी रहती हैं। उन्होंने बताया कि इस बार हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 300 से अधिक नवदंपतियों को भी ये किट दी गई हैं।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) बलवीर सिंह वर्मा ने बताया कि शुभ शगुन नई पहल किट दी जा रही है। इसके लिए आशा बहू और एएनएम को अपने-अपने क्षेत्र में होने वाली शादियों पर ध्यान देना होता है। विवाह के बाद बरात वापस आने पर आशा बहू को घर जाकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से शगुन की किट देनी होती है।