न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना को लेकर अन्य प्रदेशों व अन्य शहरों से यहां आने वाले लोगों का रिकॉर्ड एकत्रित किया जा रहा है। इस बारे में ग्राम प्रधान आदि की मदद की जा रही है। इस जिले में भी हजारों की तादाद में बाहर से लोग आए हैं।
अब इसे लेकर रिकॉर्ड तैयार किया गया है। अब तक जिले में 2656 लोग गैर प्रदेश और जिलों से आए हैं। डीपीआरओ बनवारी सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत सचिवों, ग्राम प्रधानों के माध्यम से दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले लोगों का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में 2,656 लोग अन्य प्रदेशों व जिलों से आए हैं।
इन लोगों की नामवार सूची पंचायतराज विभाग द्वारा स्वास्थ्य विभाग को दे दी गई है, जिससे इन लोगों का स्वास्थ्य चेकअप रखा जा सके और निगरानी रखी जा सके। डीपीआरओ बनवारी सिंह ने बताया कि गांवों में बाहर से आने वाले लोगों की निगरानी के लिए सभी ग्राम प्रधानों को निर्देश जारी किए जा चुके हैं।